■ 66 मामलों में जब्त नकदी, मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, वाहन और कीमती सामान मालिकों को सौंपे गए।
मुंबई वार्ता संवाददाता

दीपावली के अवसर पर पश्चिम परिमंडल-2 पुलिस ने सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज मामलों के दौरान जब्त किए गए माल को उसके मूल मालिकों को वापस लौटाया। इस संबंध में 6 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित टैगोर रोड के इरावती हॉल में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया।इस समारोह में पश्चिम प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अभिनव देशमुख के हाथों संबंधित सामान उसके मूल मालिकों को सौंपा गया।


पुलिस द्वारा लौटाए गए सामान में नकद राशि, मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, वाहन, घड़ियां और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं।पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत कुल 66 जब्त सामान मूल मालिकों को वापस लौटाए गए, जिनकी कुल कीमत 91 लाख 57 हजार 147 रुपये है। लंबे समय से अपने कीमती सामान की वापसी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए दीपावली के अवसर पर पुलिस की यह पहल विशेष राहत लेकर आई।


इस वितरण समारोह में अपर पुलिस आयुक्त (पश्चिम प्रादेशिक विभाग) डॉ. अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम परिमंडल-2) डॉ. मोहित कुमार गर्ग सहित पश्चिम परिमंडल-2 के सभी विभागीय सहायक पुलिस आयुक्त, विभिन्न पुलिस थानों के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक (प्रशासन) और अपराध प्रकटीकरण अधिकारी उपस्थित थे।


यह पूरी कार्रवाई मुंबई के पुलिस आयुक्त देवेन भारती और पुलिस सह आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोजकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न की गई।
दीपावली के अवसर पर नागरिकों को उनका खोया हुआ और पुलिस द्वारा जब्त किया गया कीमती सामान वापस दिलाने की इस पहल से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और मजबूत करने का संदेश दिया गया है।


