■ क्यूआर कोड स्कैन कर चंद सेकंड में खरीद सकेंगे टिकट; नकदी और खुले पैसों की परेशानी से मिलेगी मुक्ति, बेस्ट महाप्रबंधक ने प्रस्ताव तैयार करने का दिया आश्वासन।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबईकरों के दैनिक आवागमन का प्रमुख साधन मानी जाने वाली बेस्ट बस सेवा में जल्द ही टिकट खरीदने के लिए यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) के माध्यम से भुगतान की सुविधा शुरू हो सकती है। बसों में डिजिटल भुगतान का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग बेस्ट समिति के सदस्य अजय सिंह ने उठाई है।


उनका कहना है कि मौजूदा समय में लगभग हर क्षेत्र में डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है, ऐसे में मुंबई की बेस्ट बसों में भी यह सुविधा शुरू की जानी चाहिए। इससे यात्रियों के साथ-साथ बेस्ट प्रशासन के समय की भी बचत होगी।देश में डिजिटल लेनदेन का तेजी से विस्तार हो रहा है और यूपीआई भुगतान का सबसे लोकप्रिय माध्यम बन चुका है। बेंगलुरु, हैदराबाद, भुवनेश्वर और नागपुर जैसे शहरों की सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की बेस्ट बस सेवा में अब तक यह विकल्प उपलब्ध नहीं होने पर अजय सिंह ने सवाल उठाया है।
फिलहाल बेस्ट के नियमित यात्रियों के लिए ‘चलो’ ऐप, स्मार्ट कार्ड और बस पास जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। हालांकि, कभी-कभार बस से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के पास स्मार्ट कार्ड या बस पास नहीं होता। ऐसे यात्रियों को टिकट खरीदने के लिए नकद पैसे देने पड़ते हैं। कई बार खुले पैसे उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों और बस परिचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अजय सिंह का मानना है कि यूपीआई भुगतान की सुविधा शुरू होने से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।इस प्रस्ताव पर बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी ने विचार करने और आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का आश्वासन दिया है।
■ क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगा टिकट
यूपीआई भुगतान की सुविधा शुरू होने पर यात्री क्यूआर कोड स्कैन करके कुछ ही सेकंड में अपने टिकट का भुगतान कर सकेंगे। इससे खुले पैसे रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही नकदी गिनने और यात्रियों को बाकी पैसे लौटाने में लगने वाला समय भी बचेगा। टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज और आसान होने से बसों में यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।इस व्यवस्था का लाभ केवल यात्रियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बेस्ट प्रशासन को भी मिलेगा। नकदी के लेनदेन में कमी आने से टिकट वितरण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने में मदद मिल सकती है।
■ सभी बसों में डिजिटल भुगतान शुरू करने की मांग
अजय सिंह ने कहा कि मुंबईकर नई तकनीक को अपनाने में हमेशा आगे रहे हैं। यात्रियों की सुविधा, बस परिचालकों के समय की बचत और बेस्ट प्रशासन की कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए सभी बेस्ट बसों में यूपीआई आधारित टिकट भुगतान की सुविधा शुरू करना जरूरी है।
उन्होंने बेस्ट प्रशासन से इस संबंध में तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर मुंबईकरों को डिजिटल भुगतान का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है। अब बेस्ट प्रशासन द्वारा प्रस्ताव तैयार किए जाने के आश्वासन के बाद यात्रियों को इस सुविधा के शुरू होने का इंतजार है। हालांकि, अभी यूपीआई भुगतान सुविधा लागू करने की अंतिम तारीख घोषित नहीं की गई है।


