■ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को न्यास अध्यक्ष सदानंद सरवणकर और कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने सौंपा चेक, पिछले साल बाढ़ पीड़ितों के लिए भी दिए थे 10 करोड़ रुपये।
मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में पैदा हुई सूखे की स्थिति के कारण संकट का सामना कर रहे किसानों और प्रभावित नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास ने सराहनीय पहल की है। न्यास की ओर से मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस राशि का उपयोग राज्य के सूखाग्रस्त किसानों और आपदा से प्रभावित नागरिकों को आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए किया जाएगा।


किसानों और प्रभावित परिवारों को संकट के समय आर्थिक संबल प्रदान करने तथा उनके प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की भावना से न्यास की प्रबंधन समिति ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।


सोमवार, 9 नवंबर 2026 को इस आर्थिक सहायता का चेक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपा गया। इस अवसर पर श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त सदानंद सरवणकर तथा न्यास के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी उपस्थित थे। दोनों ने मुख्यमंत्री को 10 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
इस अवसर पर न्यास की ट्रस्टी मीना कांबली, महेश मुदलियार, गोपाल दलवी, जितेंद्र राऊत, मनीषा तुपे, सुदर्शन सांगले तथा न्यास की कार्यकारी अधिकारी राखी चव्हाण भी उपस्थित थीं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में अतिवृष्टि के कारण पैदा हुई बाढ़ की स्थिति के दौरान भी श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास की ओर से मुख्यमंत्री सहायता निधि में 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई थी।
प्राकृतिक आपदाओं के समय राज्य के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए सिद्धिविनायक मंदिर न्यास ने एक बार फिर सामाजिक संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। न्यास की इस पहल से सूखे की मार झेल रहे किसानों और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के सरकारी प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


