■ पीडब्ल्यूडी ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और डिजाइन तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्ति की निकाली निविदा, भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा की पहल को मिली गति।
■ मुलुंड से बोरीवली तक नहीं जाएगा रोपवे, परियोजना केवल मुलुंड क्षेत्र तक सीमित रहेगी – विधायक मिहिर कोटेचा।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई में पहले रोपवे प्रोजेक्ट के निर्माण की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुलुंड की पहाड़ी के तल से संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (एसजीएनपी) की सीमा में स्थित तारामती माता मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे के लिए विस्तृत परियोजना और डिजाइन तैयार करने के उद्देश्य से सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सलाहकार नियुक्त करने के लिए निविदा जारी की है। इस पहल से मुंबई में रोपवे परियोजना का रास्ता साफ होने की उम्मीद बढ़ गई है।


मुलुंड के भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान इस रोपवे के निर्माण की मांग उठाई थी। उनका उद्देश्य मुलुंड क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना और संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के प्राकृतिक सौंदर्य को पर्यटकों के लिए अधिक सुलभ बनाना है।
निविदा जारी होने का स्वागत करते हुए विधायक मिहिर कोटेचा ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान हमने मुलुंड की पहाड़ी के तल से पहाड़ी की चोटी पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर तारामती माता मंदिर तक रोपवे बनाने का आश्वासन दिया था। पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से यह परियोजना महत्वपूर्ण है। पीडब्ल्यूडी की ओर से परियोजना का विस्तृत डिजाइन तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्ति की निविदा जारी किए जाने से उन्हें खुशी है।
कोटेचा ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित रोपवे मुलुंड से बोरीवली तक जाने वाली व्यावसायिक परिवहन परियोजना नहीं है। यह पूरी तरह मुलुंड क्षेत्र तक ही सीमित रहेगा। रोपवे का मार्ग मुलुंड की पहाड़ी के तल से संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान की सीमा में स्थित तारामती माता मंदिर तक होगा। उन्होंने कहा कि रोपवे को बोरीवली तक ले जाने की चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना का विस्तृत खाका तैयार होने और केंद्र सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस परियोजना के तहत पहाड़ी की चोटी पर एक निरीक्षण टावर (ऑब्जर्वेटरी) बनाने का भी प्रस्ताव है। यहां से पर्यटक संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और आसपास स्थित तुलसी झील के मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों का विहंगम नजारा देख सकेंगे। रोपवे के माध्यम से श्रद्धालु तारामती माता मंदिर तक पहुंचकर दर्शन भी कर सकेंगे।
विधायक कोटेचा के अनुसार, वर्तमान में मुंबई में एक भी रोपवे नहीं है। ऐसे में यह परियोजना न केवल मुलुंड, बल्कि पूरे मुंबई में पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
■ सलाहकार को करने होंगे ये महत्वपूर्ण कार्य
पीडब्ल्यूडी की निविदा के अनुसार, नियुक्त किए जाने वाले सलाहकार को प्रस्तावित रोपवे के लिए उपयुक्त मार्ग और स्थान का चयन करना होगा। इसके साथ ही परियोजना के लिए आवश्यक जमीन का क्षेत्रफल निर्धारित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित रोपवे परियोजनाओं का अध्ययन करने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।
सलाहकार को स्थलाकृतिक सर्वेक्षण, भू-तकनीकी जांच, भू-मापन सर्वेक्षण, जल संबंधी सर्वेक्षण और प्रारंभिक स्थल निरीक्षण करना होगा। इसके अलावा रोपवे के पूरे मार्ग और तकनीकी प्रणाली की रूपरेखा तैयार करने के साथ शुरुआती और अंतिम स्टेशन के स्थान भी निर्धारित करने होंगे।
परियोजना की अनुमानित लागत तैयार करना भी सलाहकार के कार्यक्षेत्र में शामिल होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रस्तावित रोपवे का सामाजिक, पर्यावरणीय, वन क्षेत्र और वन्यजीवों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का भी विस्तृत अध्ययन करना होगा।
सलाहकार की नियुक्ति और विस्तृत परियोजना तैयार होने के बाद आवश्यक सरकारी तथा पर्यावरणीय मंजूरियों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके बाद ही रोपवे के निर्माण को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।


