कांदिवली में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म।

Date:

■ अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो बार किया यौन शोषण।

■ समतानगर पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार।

मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित समतानगर पुलिस थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने बच्ची के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दो बार सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए समतानगर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची कांदिवली इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक नाबालिग बच्ची का परिचित था। आरोप है कि 6 नवंबर को आरोपी ने बच्ची को बताया कि उसके पास नहाते समय बनाए गए उसके कुछ अश्लील वीडियो हैं। उसने धमकी दी कि यदि बच्ची वीडियो डिलीट करवाना चाहती है और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल होने से रोकना चाहती है, तो उसे उसके साथ चलना होगा।आरोपी की बातों में आकर बच्ची उसके साथ कांदिवली पूर्व के हनुमान नगर इलाके में स्थित एक कमरे में पहुंच गई। वहां पहले से ही आरोपी के तीन अन्य साथी मौजूद थे।

आरोप है कि चारों ने बच्ची को उसके अश्लील वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने बच्ची को इस घटना के बारे में किसी को भी बताने पर वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी थी। बदनामी के डर से बच्ची ने शुरुआत में यह बात अपने परिवार को नहीं बताई।इसके बाद 10 नवंबर को आरोपियों में से एक ने बच्ची को स्नैपचैट के माध्यम से संदेश भेजकर दोबारा अपने घर बुलाया।

आरोप है कि वहां पहुंचने पर आरोपी और उसके एक साथी ने फिर से बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। लगातार मिल रही धमकियों और शोषण से परेशान होकर आखिरकार बच्ची ने समतानगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया। इनमें दो आरोपी 17 वर्ष के, एक 18 वर्ष का और चौथा 22 वर्ष का बताया गया है। दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि 18 और 22 वर्ष के आरोपियों को दिंडोशी स्थित विशेष सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। जांच के दौरान अन्य नाबालिग लड़कियों से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं अन्य लड़कियां भी इस तरह के शोषण का शिकार तो नहीं हुई हैं।फिलहाल समतानगर पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related