■ पोस्टर पर सवाल- अजितदादा के हादसे और कथित साजिश के पीछे के लोगों को बचाने वाला नेता कौन? पोस्टर पर मफलर की मौजूदगी ने भी खींचा ध्यान।
मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाओं और बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण सेंटर के बाहर लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। इस पोस्टर में अजित पवार के विमान हादसे और उसके पीछे कथित साजिश के जिम्मेदार लोगों को बचाने वाले नेता को लेकर सवाल उठाया गया है।


पोस्टर की सबसे खास बात उस पर मफलर का चित्र होना है। इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार भी अजित पवार के विमान हादसे के मामले में एक ‘मफलर वाले नेता’ का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह नेता विमान हादसे से जुड़ी कंपनी वीएसआर को बचाने में भूमिका निभा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


इस पोस्टर के सामने आने के बाद अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि आखिर इसके पीछे किसका हाथ है और पोस्टर के जरिए किस नेता पर निशाना साधा गया है। फिलहाल पोस्टर पर किसी नेता का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिखा गया है।
गौरतलब है कि अजित पवार के निधन के बाद से ही एनसीपी के दोनों गुटों के एक साथ आने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है। ऐसे समय में यशवंतराव चव्हाण सेंटर के बाहर इस तरह का पोस्टर लगना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस पोस्टर को लेकर दोनों गुटों के नेता क्या प्रतिक्रिया देते हैं और क्या इस मामले में कोई नया खुलासा सामने आता है ?


