■ शिंदेसेना में वैचारिक प्रतिबद्धता, पार्टी निष्ठा और जनता के प्रति आत्मीयता का अभाव।
■ बाला साहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ना महाराष्ट्र की अस्मिता और शिवसैनिकों की भावनाओं का अपमान।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड ने सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को फाड़ने की घटना को लेकर एकनाथ शिंदे की शिवसेना पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी का व्यक्तित्व समझने के लिए व्यापक वैचारिक दृष्टिकोण और बौद्धिक परिपक्वता की आवश्यकता है, लेकिन शिंदेसेना के नेताओं में इसका अभाव दिखाई देता है। किताब फाड़कर विचारों और इतिहास को मिटाया नहीं जा सकता।


वर्षा गायकवाड ने कहा कि आदरणीय सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ ने प्रकाशन के महज एक सप्ताह के भीतर बिक्री का वैश्विक रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि उनके विचारों को दुनिया भर के पाठकों की ओर से मिली स्वीकृति का प्रमाण है। त्याग, संयम, सहनशीलता, साहस, देश के प्रति निष्ठा और अपने विचारों के प्रति अंतिम समय तक प्रतिबद्ध रहने वाली सोनिया गांधी के व्यक्तित्व को समझने के लिए व्यापक वैचारिक सोच और बौद्धिक परिपक्वता जरूरी है।
सोनिया गांधी की पुस्तक फाड़ने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए सांसद गायकवाड ने कहा कि एकनाथ शिंदे की शिवसेना की ओर से आयोजित पत्रकार परिषद में मौजूद नेताओं के चेहरों और उनके व्यवहार से न तो वैचारिक प्रतिबद्धता दिखाई देती है, न पार्टी के प्रति निष्ठा और न ही जनता के प्रति कोई आत्मीयता। ऐसे लोगों से सोनिया गांधी की पुस्तक को समझने अथवा उसमें व्यक्त विचारों की गहराई को जानने की अपेक्षा करना ही गलत है। पुस्तक की विषयवस्तु और उसमें निहित विचार उनकी समझ से परे हैं।
वर्षा गायकवाड ने आगे कहा कि पत्रकार परिषद के दौरान शायना एन.सी. द्वारा शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ी गई। यह केवल एक तस्वीर का अपमान नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र की अस्मिता और बालासाहेब ठाकरे से अपार प्रेम करने वाले लाखों शिवसैनिकों की भावनाओं का अपमान है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किताब फाड़कर विचारों को समाप्त नहीं किया जा सकता और तस्वीर फाड़कर इतिहास को मिटाया नहीं जा सकता। महाराष्ट्र इस घटना को कभी नहीं भूलेगा और न ही इसे माफ करेगा।


