■ जावेद अख्तर ने स्वीकार की भारत की सांस्कृतिक सच्चाई, राम का अर्थ मर्यादा, कर्तव्य, वचनबद्धता और न्याय है: राम कदम।
मुंबई वार्ता संवाददाता

गीतकार एवं लेखक जावेद अख्तर के भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा विधायक राम कदम ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक जाति, धर्म या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समूचे भारत की आत्मा, संस्कार और संस्कृति के प्रतीक हैं।


राम कदम ने कहा कि जावेद अख्तर अपनी स्वतंत्र वैचारिक पहचान और बेबाक विचारों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इस बड़ी सच्चाई को स्वीकार किया है कि भगवान श्रीराम पूरे भारत की सांस्कृतिक विरासत हैं। राम किसी एक वर्ग या समुदाय के नहीं, बल्कि देश की साझा आस्था और परंपरा का हिस्सा हैं।


भाजपा विधायक ने कहा कि जिन लोगों को भगवान श्रीराम के नाम से आपत्ति है, उन्हें अपने भीतर झांककर छिपे हुए रावण को बाहर निकालना चाहिए, ताकि उनके भीतर राम के आदर्शों का वास हो सके। राम का अर्थ मर्यादा, कर्तव्य, वचनबद्धता और न्याय है। भगवान श्रीराम ने ही रामराज्य की कल्पना को साकार किया था। इसलिए श्रीराम भारत की अमूल्य विरासत हैं।
राम कदम ने आगे कहा कि यदि कुछ लोगों को भगवान राम के नाम से भी आपत्ति है, तो उन्हें अपना नजरिया बदलना चाहिए और अपने भीतर के रावण को समाप्त करना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नाम के साथ राम जोड़ लेने से कोई व्यक्ति राम के आदर्शों वाला नहीं बन जाता। किसी व्यक्ति के आचरण, व्यवहार और विचारों से ही उसके भीतर राम के संस्कार दिखाई देते हैं। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाना ही सच्चे अर्थों में राम के प्रति सम्मान है।


