बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने के आरोप पर बवाल, शिंदे गुट की नेता शाइना एनसी के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) का प्रदर्शन।

Date:

मुंबई वार्ता संवाददाता

शिवसेना (यूबीटी) के नगरसेवकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुंबई की महापौर रितु तावड़े के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर गलती से फाड़े जाने के मामले में किया गया। इस घटना को लेकर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की नेता शाइना एनसी को विरोध का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने शाइना एनसी के खिलाफ नारेबाजी की और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किए गए हैं, जिनमें शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ता मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं।

दरअसल, यह पूरा विवाद बुधवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शुरू हुआ। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों के विरोध में शिंदे गुट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी।इस दौरान शिवसेना नेताओं ने किताब की प्रतियों के पन्ने फाड़कर सांकेतिक विरोध जताया। साथ ही महाराष्ट्र में इस पुस्तक की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की। लेकिन इसी दौरान शाइना एनसी के हाथों कथित तौर पर बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फट गई।

घटना का एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। वीडियो में शिवसेना के प्रवक्ता संजय निरुपम भी शाइना एनसी की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते और उनका ध्यान तस्वीर की ओर दिलाते दिखाई दे रहे हैं।हालांकि, शाइना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने या उनका अपमान करने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि घटना को जानबूझकर गलत तरीके से पेश कर झूठा नैरेटिव बनाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उनके खिलाफ मानहानिकारक आरोप फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) और शिंदे गुट के बीच राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। प्रदर्शनकारियों की माफी की मांग और शाइना एनसी की सफाई के बीच यह मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

प्रमुख खबरे

More like this
Related