मुंबई वार्ता संवाददाता

स्पाइसजेट की उड़ानों में लगातार हो रही गड़बड़ी के कारण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एयरलाइन ने कई उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि अन्य उड़ानों में घंटों की देरी हुई। हालात ऐसे हो गए कि यात्रियों को यह तक पता नहीं चल पा रहा था कि उनकी उड़ान कब रवाना होगी या होगी भी या नहीं।


हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम 7 बजे के बाद मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट का कोई विमान उड़ान नहीं भर सका। बुधवार तड़के करीब 4 बजे उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू हुआ। इस तरह 12 घंटे से अधिक समय तक स्पाइसजेट की उड़ानें प्रभावित रहीं। मंगलवार रात तक एयरलाइन ने मुंबई से निर्धारित 12 उड़ानें रद्द कर दी थीं।इस बीच, फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को मुंबई एयरपोर्ट पर सभी एयरलाइंस की कुल 422 उड़ानों में देरी हुई, जबकि 39 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
■ टर्मिनल-1 पर यात्रियों का हंगामा
लगातार हो रही देरी और उड़ानें रद्द होने से नाराज यात्रियों ने टर्मिनल-1 स्थित स्पाइसजेट के चेक-इन काउंटरों पर भीड़ जमा कर दी। यात्रियों ने नारेबाजी करते हुए एयरलाइन कर्मचारियों से जवाब मांगा। यात्रियों का आरोप था कि एयरलाइन की ओर से उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। कई यात्रियों को नौ घंटे तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन उन्हें उड़ान की स्थिति, बोर्डिंग पास, खाने-पीने की व्यवस्था या वैकल्पिक यात्रा की सुविधा के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली।प्रभावित उड़ानों में दिल्ली जाने वाली एसजी-511 भी शामिल थी। यह उड़ान रात 11:20 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन बुधवार तड़के 3:54 बजे उड़ान भर सकी। यानी इसमें करीब साढ़े चार घंटे की देरी हुई।
इसके अलावा मुंबई से बेंगलुरु जाने वाली एसजी-676 और दुबई जाने वाली एसजी-5113 उड़ानें भी देर रात रद्द कर दी गईं। इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों मार्गों के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। एक अन्य उड़ान का निर्धारित समय रात 11:30 बजे था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी उसकी बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी।लगातार दूसरे दिन बिगड़ा उड़ानों का शेड्यूलरिपोर्टों के मुताबिक, स्पाइसजेट में उड़ानों का शेड्यूल लगातार दूसरे दिन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सोमवार को भी मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट का कोई विमान उड़ान नहीं भर सका था। बताया जा रहा है कि एयरलाइन अपने नेटवर्क में रोजाना निर्धारित करीब 65 उड़ानों में से 15 से 20 उड़ानें रद्द कर रही है।
विमानन क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, स्पाइसजेट के सामने परिचालन संबंधी गंभीर चुनौतियां हैं। एयरलाइन का परिचालन बेड़ा सिमटकर लगभग 13 विमानों तक रह जाने, चालक दल की कमी और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में देरी जैसी समस्याओं को उड़ानों के बाधित होने की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों से स्पाइसजेट देशभर में अपनी कई उड़ानें रद्द कर रही है। इसका असर दुबई और फुकेट जैसे अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी देखने को मिला है। लगातार उड़ानें रद्द होने और यात्रियों को समय पर जानकारी नहीं मिलने से एयरलाइन की परिचालन व्यवस्था और यात्री सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं।


