■ भाजपा के एजेंडे से जुड़े विधेयक का समर्थन करने पर जताई नाराजगी, बोले- पद से बड़ा विचार और सत्ता से बड़ा स्वाभिमान।
मुंबई वार्ता संवाददाता

लोकसभा सीटों के परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) में अंदरूनी नाराजगी सामने आने लगी है। पार्टी की ओर से इस विधेयक के समर्थन में अपनाई गई भूमिका का विरोध करते हुए पार्टी के सोशल मीडिया सेल के महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव रामेश्वर खामकर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ने का ऐलान किया है। इसे परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर पार्टी के भीतर से आया पहला इस्तीफा माना जा रहा है।


खामकर ने अपने इस्तीफे में पार्टी की वैचारिक भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भाजपा के राजनीतिक एजेंडे से जुड़े परिसीमन विधेयक का समर्थन करना उनकी वैचारिक प्रतिबद्धताओं के खिलाफ है। उन्होंने सवाल किया है कि शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर की विचारधारा से जुड़ा होने का दावा करने वाला दल भाजपा की राजनीतिक भूमिका का समर्थन कैसे कर सकता है?
दरअसल, परिसीमन का मुद्दा इन दिनों देश और महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। केंद्र सरकार ने इस विधेयक पर चर्चा के लिए विशेष संसद सत्र बुलाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर विधेयक को पारित करने के लिए इसे उपयुक्त समय बताया है। इसी बीच शरद पवार की पार्टी के एक पदाधिकारी के इस्तीफे से पार्टी के भीतर वैचारिक मतभेद उजागर हुए हैं।
इस्तीफे में विचारधारा से समझौता नहीं करने की बातरामेश्वर खामकर ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि उनके लिए पद से बड़ा विचार और सत्ता से बड़ा स्वाभिमान है। वह राजनीति में किसी पद या व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के लिए आए हैं। एक पुरोगामी विचारधारा के समर्थक के रूप में संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और महात्मा फुले, राजर्षि शाहू महाराज तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता केवल भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि यही उनके सार्वजनिक जीवन का आधार है।
उन्होंने कहा कि जब वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से जुड़े थे, तब उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी महाराष्ट्र की प्रगतिशील वैचारिक परंपरा को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी। लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी की भूमिका उनकी वैचारिक सोच से मेल नहीं खाती।खामकर ने विशेष रूप से भाजपा के राजनीतिक एजेंडे से जुड़े परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के पार्टी के फैसले पर आपत्ति जताई है। उन्होंने सवाल किया है कि जिन राजनीतिक शक्तियों की नीतियों और विचारधारा के खिलाफ पार्टी लगातार संघर्ष की बात करती रही है, उसी राजनीतिक भूमिका का समर्थन करना कैसे उचित ठहराया जा सकता है?
उन्होंने आगे लिखा है कि राजनीति में समझौते हो सकते हैं, लेकिन हर समझौते को वैचारिक समर्थन नहीं दिया जा सकता। सत्ता के समीकरण और राजनीतिक सुविधा से अधिक उनके लिए विचारधारा के प्रति निष्ठा महत्वपूर्ण है।खामकर ने स्पष्ट किया कि उनका इस्तीफा किसी व्यक्ति के प्रति विरोध, किसी पदाधिकारी से व्यक्तिगत नाराजगी या राजनीतिक लाभ के लिए किया गया शक्ति प्रदर्शन नहीं है। यह उनके विवेक और वैचारिक ईमानदारी से जुड़ा फैसला है।इसी आधार पर उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार की प्राथमिक सदस्यता और सोशल मीडिया सेल के महाराष्ट्र प्रदेश महासचिव पद से इस्तीफा देने की घोषणा की।
उन्होंने अपने पत्र में कहा कि उनके लिए पद छोड़ना मुश्किल नहीं है, लेकिन अपने विचारों से समझौता करके पद पर बने रहना असंभव है।खामकर के इस फैसले से परिसीमन विधेयक पर शरद पवार की पार्टी की भूमिका को लेकर आंतरिक असंतोष सार्वजनिक हो गया है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस नाराजगी पर क्या रुख अपनाता है।


