- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मंगा आशीर्वाद
मुंबई (सं. भा.) : दस दिनों तक भक्तों पर अपनी कृपा बरसाने के बाद 17 सितंबर अनंत चतुर्दशी के दिन रिद्धि – सिद्धि दाता प्रथम पूज्य भगवान गणेश विदा हो गए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल ने बाप्पा से आशीर्वाद मांगते हुए देश में सुख, समृद्धि की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर विघ्नहर्ता गणेश से उनकी लंबी एवं स्वस्थ आयु की कामना भी की।


बता दें कि उत्तर मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित मार्वे चौपाटी के समुद्र में बड़े पैमाने पर गणेश मूर्तियों को विसर्जित किया जाता है। मालवणी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चिमाजी आढव के अनुसार इस साल अनंत चतुर्दशी के दिन मार्वे चौपाटी पर 421 सार्वजनिक तो 1006 घर में विराजित गणपति मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए मनपा पी उत्तर विभाग कर्मचारी और मालवणी पुलिस के जवान तथा अधिकारी पूरी रात मुस्तैद और चौकस रहे। एस. वी. रोड से चौपाटी तक मार्वे रोड पर विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों के मंचों से बाप्पा के मूर्तियों पर पुष्प वर्षा किया गया। बद्रीविशाल तिवारी परिवार और रामकुमार पाल 64 फाउंडेशन, पूर्व नगरसेवक बलदेव सिंह मंकु उर्फ बिल्ला द्वारा बड़े पैमाने पर भक्तों व दर्शनार्थियों को बड़े पैमाने पर वड़ा – पाव सहित पानी आदि वितरित किया गया। स्थानीय विधायक असलम शेख, बीजेपी के वरिष्ठ नेता आर. यू. सिंह, मुंबई बीजेपी मंत्री योगेश वर्मा, विश्व हिंदू परिषद, पूर्व नगरसेवक परविंदर सिंह भामरा, शिवसेना (यूबीटी) के शाखा प्रमुख संदीप साटम, शिवसेना , मनसे सहित कई सामाजिक संगठनों के मंचों से बाप्पा के मूर्तियों पर पुष्प वर्षा की गई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इस दौरान लगभग सभी मंचों पर जा कर लोगों से मिले और विसर्जन कार्यक्रम का निरीक्षण किया।


