मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र में TET (टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पेपर लीक मामले के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की मुंबई विश्वविद्यालय इकाई ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर परिषद के कार्यकर्ताओं ने राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री तथा महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।


प्रदर्शन के दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से सड़क पर भीख मांगकर धनराशि एकत्र की। परिषद का कहना था कि यह राज्य की शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति और सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध है। एकत्र की गई पूरी राशि स्कूल शिक्षा मंत्री को मंत्रालय के पते पर डाक के माध्यम से भेजी गई।


इस अवसर पर ABVP पदाधिकारियों ने कहा कि TET पेपर लीक की घटना से हजारों ईमानदार और मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। ऐसी घटनाओं से सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
परिषद ने मांग की कि पेपर लीक प्रकरण में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जाए।
प्रदर्शन में मुंबई महानगर सहमंत्री अभिषेक पवार, उपासना राऊत, समीर हरजानी, ओम सिंह, प्रथमेश कांजरकर, दीप सकपाल, गणेश तिवारी सहित ABVP के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


