मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई के Bandra West इलाके में शुक्रवार को एक बड़ी पानी की पाइपलाइन फटने से भारी जलभराव और यातायात बाधित हो गया। यह घटना लकी होटल जंक्शन के पास हुई, जहां पेयजल की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई और तेज़ी से बड़ी मात्रा में पानी सड़कों पर फैल गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पाइपलाइन से तेज़ दबाव के साथ पानी निकलते हुए देखा गया, जिससे आसपास की सड़कें देखते ही देखते जलमग्न हो गईं। पानी दुकानों में घुस गया, जिससे व्यापारियों को सामान और संपत्ति का नुकसान हुआ। पूरा इलाका मानो पानी के तालाब में तब्दील हो गया।


घटना के बाद व्यस्त इलाके में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। कई जगह सड़कें जलभराव के कारण बंद हो गईं, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोग रास्ते में फंस गए।


सूचना मिलते ही बीएमसी की टीम और जल आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए पाइपलाइन की मरम्मत और पानी के रिसाव को रोकने के लिए तुरंत काम शुरू कर दिया।
हालांकि, पाइपलाइन फटने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल, स्थिति को सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी है।


