सतीश सोनी/मुंबई वार्ता

डीआरआई मुंबई के अधिकारियों ने मुंबई एयरपोर्ट पर एक ब्राजीलियन नागरिक को गिरफ्तार कर उसके पास से रू 11 करोड़ मूल्य की कोकीन बरामद की है.
मुंबई हवाई अड्डे पर एक ब्राजीलियन नागरिक के पास ड्रग्स होने की सूचना मिलने पर डीआरआई मुंबई के अधिकारियों ने साओ पाउलो से आए विमान एएफ 218 में सवार एक यात्री को रोका और उसके पास से तरल रूप में कोकीन बरामद किया।
यात्री की व्यक्तिगत तलाशी के दौरान उसके अंदरूनी कपड़ों में सिलकर रखी गई 7 थैलियां पाई गईं। जब फील्ड टेस्ट किट से जांच की गई तो चिपचिपे तरल पदार्थ में कोकीन पाया गया।
यात्री ने यह भी स्वीकार किया कि वह इस थैली में कोकीन ले जा रही थी। अवैध रूप में तस्करी की जा रही 1110 ग्राम कोकीन जब्त की गई जिसकी कीमत 11.1 करोड़ रुपये है।
एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत कोकीन जब्त किया गया और यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच जारी है।


