मुंबई वार्ता संवाददाता

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को असल्फा में शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन और श्री साई श्रद्धा प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सेवा अभियान के तहत जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर प्रदान कर उनके जीवन को अधिक सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, उनके परिजन, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। व्हीलचेयर प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों का आभार जताया।
इस अवसर पर शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष शुभ्रांशु दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण के रूप में मनाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।


उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को आसान बनाना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व है और दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
शुभ्रांशु दीक्षित ने बताया कि संस्था भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांग सहायता और समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए इसी प्रकार के जनहित एवं सेवा कार्य लगातार करती रहेगी। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी ऐसे मानवीय कार्यों में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। “सेवा ही सच्ची मानवता है” के संदेश के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।


