मुंबई वार्ता संवाददाता

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। इसी क्रम में मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला युवक कांग्रेस की ओर से गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ के नारे के साथ आंदोलन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।


आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों की योजना संबंधित तहसीलदार से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों के संबंध में आधिकारिक ज्ञापन सौंपने की थी। हालांकि, ज्ञापन सौंपने से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।मुंबई उत्तर-पश्चिम जिला युवक कांग्रेस के कार्याध्यक्ष अब्दुल समद ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।


उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के माध्यम से युवक कांग्रेस के आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। समद ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आंदोलन को रोका नहीं जा सकता और कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे।
अब्दुल समद ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए इस आंदोलन की आवाज को कोई भी दबा नहीं सकता। उनके मुताबिक, सरकार पुलिस को आगे करके विपक्ष की आवाज बंद करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
युवक कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने से आंदोलन को लेकर राजनीतिक टकराव का मुद्दा भी सामने आया।


