■ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने दी शुभकामनाएं.
● राज्यभर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपना जन्मदिन गडचिरोली जिले के समर्पित विकास कार्यों को अर्पित करते हुए मनाया। उन्होंने वहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमिपूजन किया तथा वृक्षारोपण अभियान की भी शुरुआत की। इस दौरान, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दीं।
शुभकामनाएं देने वालों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री व राज्यपाल, वरिष्ठ नेता शरद पवार, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, विधानसभा अध्यक्ष ॲड. राहुल नार्वेकर, विधानपरिषद सभापति प्रो. राम शिंदे, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे समेत अनेक अन्य मान्यवर शामिल थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने गडचिरोली जिले में 4.5 एमटीपीए क्षमता वाले स्टील प्लांट के भूमिपूजन समारोह में भाग लिया। यह विदर्भ क्षेत्र का पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जिसमें ₹24,000 करोड़ का निवेश और 10,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
उन्होंने हेडरी से कोनसरी तक बनी महाराष्ट्र की पहली और सबसे तेज़ पूरी हुई स्लरी पाइपलाइन का उद्घाटन किया, जिससे 55% तक कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हेडरी में आयरन ओर और ग्राइंडिंग यूनिट, कोनसरी में पैलेट प्लांट का उद्घाटन किया। यह भारत का अपनी तरह का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, जो स्थायी इस्पात उत्पादन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कोनसरी में 100 बेड के अस्पताल, आधुनिक सीबीएसई स्कूल और सोनमपल्ली में लॉयड्स टाउनशिप का भूमिपूजन भी उन्होंने किया।


दोपहर में उन्होंने ‘हरित महाराष्ट्र – समृद्ध महाराष्ट्र’ अभियान में भाग लिया। नए वर्ष का पहला दिन भी मुख्यमंत्री ने गडचिरोली में जवानों के साथ मनाया था। ऐसे में जन्मदिन पर यह विकासकार्य ‘गडचिरोली विकास का तिलक’ साबित हुआ।राज्यभर में मुख्यमंत्री सहायता निधि के माध्यम से कई स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड वितरण, अंगदान जागरूकता, कृत्रिम अंग वितरण जैसे उपक्रम शामिल थे। कई गणमान्य व्यक्तियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में योगदान भी दिया।


