श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

परेल स्थित केईएम अस्पताल में एक नर्स के साथ हुई मारपीट की गंभीर घटना के बाद उपमहापौर संजय घाड़ी ने अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस मामले में दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।


उपमहापौर ने बताया कि इस घटना को लेकर वे महापौर और स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष से चर्चा करेंगे तथा डॉक्टरों और नर्सों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।


घटना में चार लोगों द्वारा नर्स पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। घायल नर्स फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। संजय घाड़ी ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान अस्पताल की डीन डॉ. संगीता रावत, डॉक्टर, कर्मचारी और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। उपमहापौर ने मांग की कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा उन्होंने मुंबई महानगरपालिका के अस्पतालों में खाली पड़े पदों को जल्द भरने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही हर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की शिकायतें सुनने और उनका समाधान करने के लिए एक प्रभावी तंत्र विकसित करने की बात कही।
संजय घाड़ी ने यह भी बताया कि वे जल्द ही महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े से मुलाकात कर चिकित्सा सेवाओं से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे। शहर के विभिन्न अस्पतालों का दौरा करने की योजना भी बनाई जा रही है। उन्होंने स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और समग्र अस्पताल प्रबंधन में सुधार के लिए त्वरित कदम उठाने की जरूरत पर विशेष बल दिया।


