मुंबई वार्ता संवाददाता

वरिष्ठ फिल्म निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक पद्म भूषण श्याम बेनेगल के निधन पर महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. पी राधाकृष्णन ने गहरा दुख जताया है.
देश के चुनिंदा बुद्धिजीवी फिल्मकारों की सूची में श्याम बेनेगल का नाम सबसे पहले लिया जाएगा। उन्होंने समानांतर फिल्मों में अपने अनूठे योगदान से भारतीय सिनेमा पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।अंकुर, निशांत और मंथन जैसी उत्कृष्ट कृतियों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक यथार्थ को चित्रित करने का साहस दिखाया। उनके मार्गदर्शन में कई प्रतिभाशाली कलाकार दुनिया के सामने आये।
ऐतिहासिक टेलीविजन श्रृंखला ‘भारत एक खोज’ के माध्यम से उन्होंने लाखों दर्शकों को भारत के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया। उनके निधन से हमने एक प्रतिभाशाली निर्माता-निर्देशक खो दिया है जो कई फिल्म निर्माताओं के लिए प्रेरणा थे। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा, मैं स्वर्गीय श्री श्याम बेनेगल को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।


