पोस्ट कर लिखा-दो दिन के लिए सभी कार्यक्रम स्थगित

मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता नवाब मलिक के दामाद समीर खान की 17 सितंबर को एक दुर्घटना में घायल होने के बाद कल रविवार को मौत हो गई. घटना के बाद से ही उनका इलाज चल रहा था.
नवाब मलिक ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “मेरे दामाद समीर खान का निधन हो गया है.अल्लाह उन्हें जन्नत में सबसे बुलंद मक़ाम दे. हम इस हादसे से काफी दुखी हैं इसलिए अगले दो दिनों के लिए मेरे सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।”
नवाब मलिक महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से एनसीपी (अजित पवार) के उम्मीदवार भी हैं।
यह दुर्घटना कुर्ला पश्चिम में लाल बहादुर शास्त्री रोड पर क्रिटिकेयर अस्पताल के बाहर हुई थी.जहां समीर खान और उनकी पत्नी निलोफर 17 सितंबर को नियमित जांच के लिए गए थे. विनोबा भावे नगर पुलिस के अनुसार उन्हें लेने के लिए आई एसयूवी ने नियंत्रण खो दिया जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी थी. पुलिस ने कहा कि ड्राइवर ने गलती से एक्सीलेटर दबा दिया,जिससे यह हादसा हुआ था.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “पहले ड्राइवर पर केवल लापरवाही से गाड़ी चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, लेकिन समीर खान की मौत के बाद हम एफआईआर में उचित धाराएं जोड़ेंगे.यह एक जमानती अपराध है और हम चार्जशीट दाखिल करने के बाद ड्राइवर को सीधे अदालत में पेश करेंगे।”


