मुंबई वार्ता संवाददाता

अंधेरी पूर्व के मरोळ पाइपलाइन इलाके में ड्रेनेज लाइन से एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने के मामले में मुंबई पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके सगे भाई ने पारिवारिक विवाद के चलते की थी। मामले में आरोपी भाई और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।


जानकारी के अनुसार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के कर्मचारियों ने ड्रेनेज लाइन में एक महिला का शव मिलने की सूचना अंधेरी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव पर मौजूद गहनों के आधार पर महिला की पहचान की गई।
जांच में पता चला कि महिला के भाई ने पहले ही सहार पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि पुलिस को पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान आरोपी के बयान पर शक हुआ। विस्तृत जांच में खुलासा हुआ कि घटना से एक दिन पहले महिला का अपने भाई और भाभी के साथ तीखा विवाद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी भाई ने रात के दौरान घर में ही बहन की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को पास की ड्रेनेज लाइन तक ले जाकर बंद मैनहोल का ढक्कन खोला और शव अंदर फेंक दिया। बाद में पत्नी की मदद से पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
अंधेरी पुलिस ने मानव खुफिया जानकारी, स्थानीय पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(A) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।


