मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई अंडरवर्ल्ड के एक समय के कट्टर दुश्मन माने जाने वाले अरुण गवली उर्फ ‘डैडी’ और जयेंद्र विष्णु ठाकुर उर्फ ‘भाई ठाकुर’ एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। वजह है विरार में हुई उनकी अचानक मुलाकात और गले मिलते हुए सामने आया फोटो, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
यह मुलाकात विरार स्थित भाई ठाकुर के निवास पर हुई, जहां दोनों नेताओं ने गले मिलकर पुरानी यादें ताजा कीं। इस दौरान भाई ठाकुर ने अरुण गवली को दोस्ती के प्रतीक के रूप में भगवान गणेश की एक आकर्षक मूर्ति भी भेंट की।


इस मुलाकात की तस्वीर जैसे ही सामने आई, वैसे ही राजनीतिक और आपराधिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कभी एक-दूसरे के विरोधी रहे इन दोनों को साथ देखकर लोगों में हैरानी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि अरुण गवली करीब 17 साल बाद सितंबर 2025 में जेल से बाहर आए हैं। उनके जेल में रहने के दौरान उनकी माता लक्ष्मीबाई गवली का भायखला में निधन हो गया था। उस समय भाई ठाकुर ने उनके घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की थी और गवली को विरार आने का निमंत्रण दिया था।


हाल ही में अरुण गवली ने विरार पहुंचकर इस निमंत्रण को स्वीकार किया और भाई ठाकुर के घर जाकर मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर अब कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह सिर्फ एक दोस्ताना मुलाकात है, जबकि कुछ इसे संभावित राजनीतिक या व्यावसायिक समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, इस मुलाकात के पीछे की असली वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में वसई-विरार और मुंबई के लोगों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।


