● हिंदू जनजागृति समिति ने दादर में किया मौन प्रदर्शन
वरिष्ठ संवाददाता/ मुंबई वार्ता

महाराष्ट्र में अवैध रूप से रहने वाले बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालने की मांग को लेकर दादर पश्चिम में मौन प्रदर्शन किया गया।’अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालो, देश बचाओ’ अभियान को हिंदू जनजागृति समिति सहित अनेक हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों ने प्रारंभ किया है।
इसी कड़ी में गुरुवार को दादर पश्चिम रेलवे स्टेशन के बाहर बांग्लादेशी घुसपैठियों के निष्कासन की मांग को लेकर मौन प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विभिन्न हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों के प्रतिनिधि और राष्ट्रप्रेमी नागरिक शामिल हुए।
समिति के प्रवक्ता सुनील घनवट ने बताया कि मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर सहित महाराष्ट्र के कई जिलों और पूरे देश में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठिए अवैध रूप से रह रहे हैं। इससे देश और राज्य की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है, साथ ही सामाजिक अस्थिरता, अपराध दर में वृद्धि और बेरोजगारी की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। देश की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बांग्लादेशी घुसपैठिए को देश से निष्कासन किया जाए, उन्हें शरण देने वालों पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए, संदिग्ध इलाकों में खोज अभियान चलाकर घुसपैठियों को खोजा जाए आदि मांगों को पोस्टर पर लिखकर मौन प्रदर्शन के दौरान उठाया गया।
इस विषय में प्रशासन को दिए जाने वाले ज्ञापन पर नागरिकों के हस्ताक्षर भी लिए गए। इस अभियान को लेकर उनमें उत्साही प्रतिक्रिया देखने को मिली।


