■ कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड का आरोप—साहिल की संस्थागत हत्या से जुड़े आरोपित प्राध्यापकों को बचाने की कोशिश; डेढ़ महीने बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं।
मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी उठाया गया है। साहिल वाकोडे और अनिकेत अंभोरे के परिजनों ने गुरुवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस दौरान मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड भी मौजूद रहीं। राहुल गांधी ने परिजनों की बात सुनने के बाद उन्हें न्याय दिलाने के प्रयास में सहयोग करने और कांग्रेस पार्टी के उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।


मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद वर्षा गायकवाड ने आरोप लगाया कि आईआईटी बॉम्बे में अनुसूचित जाति एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के साथ भेदभाव और उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साहिल वाकोडे की संस्थागत हत्या से जुड़े मामले में अत्याचार निवारण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है, लेकिन डेढ़ महीने बीत जाने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जिन प्राध्यापकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है।


वर्षा गायकवाड ने कहा कि पिछले 13 महीनों में आईआईटी बॉम्बे के चार विद्यार्थियों ने अपनी जीवनलीला समाप्त की है। उनका आरोप है कि संस्थान में वंचित और पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों को परेशान किया जा रहा है तथा उनका मनोबल तोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न को गंभीरता से लेने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी अन्य विद्यार्थी को साहिल वाकोडे जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान पूरे मामले की जानकारी विस्तार से दी गई। राहुल गांधी ने परिजनों की बातें सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में उनके साथ खड़ी है तथा साहिल को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करेगी।इस मौके पर साहिल वाकोडे के पिता ने कहा कि उनके बेटे के साथ अन्याय हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपितों को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से परिवार की शिकायतों पर उचित ध्यान नहीं दिया जा रहा है, इसलिए उन्हें राहुल गांधी से मिलने आना पड़ा।साहिल के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और जो लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें बचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने परिवार को मदद का आश्वासन दिया है और उन्हें उम्मीद है कि उनके हस्तक्षेप से साहिल को न्याय मिल सकेगा।परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है।


