मुंबई वार्ता संवाददाता

आदित्य ठाकरे ने बुधवार को उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उन्हें शिवसेना (यूबीटी) का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उन्होंने इन रिपोर्ट्स को “पूरी तरह बेबुनियाद” बताते हुए कहा कि पार्टी में इस तरह की कोई चर्चा ही नहीं हुई है।


वर्ली से विधायक आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्पष्ट किया कि सुबह से कुछ टीवी चैनलों पर उनके नए पद को लेकर जो खबरें चल रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने लिखा, “इस तरह की खबरों में कोई तथ्य नहीं है और पार्टी में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। सभी मीडिया इस बात का संज्ञान लें।”
उन्होंने पिछले कुछ घंटों से चल रही अटकलों पर नाराजगी जताते हुए मीडिया को बिना आधार की खबरें प्रसारित करने के लिए फटकार भी लगाई। उनके इस बयान के बाद पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
■ गोराई मैंग्रोव पार्क को खोलने की मांग भी दोहराई
इस बीच, आदित्य ठाकरे ने हाल ही में गणेश नाइक को पत्र लिखकर गोराई मैंग्रोव पार्क को जल्द से जल्द आम जनता के लिए खोलने की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना 2019 से 2022 के बीच उनके पर्यावरण मंत्री रहते शुरू हुई थी और पिछले साल पूरी भी हो चुकी है। इसके बावजूद कई बार उद्घाटन की तारीख घोषित होने के बाद भी पार्क अब तक नहीं खोला गया है।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह मैंग्रोव पार्क और इंटरप्रिटेशन सेंटर लोगों को तटीय पारिस्थितिकी तंत्र को समझने में मदद करेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस संबंध में उन्होंने पिछले साल मई में भी मंत्री को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्क को खोलने से लोगों को मैंग्रोव के महत्व को समझने और तटीय जैव विविधता के संरक्षण में उनकी भूमिका जानने का अवसर मिलेगा।


