■ आल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने ‘सरके चूनर तेरी सरके ’ पर बैन और एफआईआर की मांग की
मुंबई वार्ता संवाददाता

आल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने फिल्म KD: The Devil के गाने “सरके चूनर तेरी सरके ” को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए इसे अश्लील और समाज के लिए हानिकारक बताया है। संगठन ने इस गाने पर तत्काल प्रतिबंध लगाने, एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


एआईसीडब्ल्यूए ने प्रसून जोशी, अध्यक्ष सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को पत्र लिखकर कहा कि यह गाना अश्लील, आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाले कंटेंट से भरा है, जिससे देशभर में आक्रोश फैल रहा है।


संगठन के अनुसार, फिल्म KD: The Devil के इस गाने में अश्लीलता को बढ़ावा दिया गया है, जो न केवल भारतीय सिनेमा की मर्यादा के खिलाफ है बल्कि युवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
एआईसीडब्ल्यूए ने आरोप लगाया कि फिल्म के निर्माता वेंकट के नारायण और प्रोडक्शन हाउस KVN प्रोडक्शंस ने जानबूझकर विवाद और पब्लिसिटी पाने के लिए ऐसे कंटेंट का इस्तेमाल किया है।
संगठन ने अपनी मांगों में कहा है कि:
गाने को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाया जाए
फिल्म की दोबारा जांच की जाए
निर्माता, निर्देशक और गीतकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए
● मामले की समयबद्ध जांच हो
● भविष्य में ऐसे कंटेंट को रोकने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं
इस मामले की कॉपी केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को भी भेजी गई है।
एआईसीडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर अश्लीलता फैलाना स्वीकार्य नहीं है और भारतीय सिनेमा की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।


