■आईएमडी ने जारी की चेतावनी।
मुंबई वार्ता संवाददाता

इंडियन मेटीयोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, कोलाबा ने 18 मार्च 2026 को जारी पूर्वानुमान में मुंबई महानगर क्षेत्र और कोंकण के कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी दी है।


पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई, ठाणे और पालघर में 18 और 19 मार्च को हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके बाद 20 मार्च से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।वहीं रायगढ़ जिले में 18 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 19 मार्च को भी यहां हल्की से मध्यम बारिश और थंडरशॉवर हो सकते हैं।


रत्नागिरी में स्थिति थोड़ी अधिक प्रभावी रह सकती है। 18 मार्च को गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 19 मार्च को भी 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।


आईएमडी के अनुसार, इन सभी क्षेत्रों में बारिश की संभावना “बहुत अधिक” बताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


