■ पुलिस की तीन टीम आरोपी की तलाश में जुटी, 12 घंटे में गिरफ्तारी.
मुंबई वार्ता/राजन बलसाने

धारदार हथियार से एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना से शहर में सनसनी फैल गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए उल्हासनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


मिली जानकारी के अनुसार, उल्हासनगर कैंप नंबर-1 स्थित गुलशन नगर, असर्फी मस्जिद के पास रहने वाला शाहनवाज खलील अहमद अंसारी (30) अपनी भतीजी को क्षेत्र के रहने वाले इब्राम सलीम शेख (25) द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत लेकर अपनी भाभी के साथ आरोपी के घर गया था। इस पर गुस्साए इब्राम ने घरेलू चाकू से शाहनवाज के पेट में वार कर हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल शाहनवाज को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया।घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।


पुलिस ने तीन टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। एक टीम पुणे, दूसरी नासिक और तीसरी उल्हासनगर में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही थी। फरार आरोपी पुलिस से बचने के लिए कल्याण तक रेलवे पटरी पर चलकर कल्याण गया और वहां से लोकल ट्रेन पकड़कर कर्जत पहुंचा, फिर मेल ट्रेन पकड़कर दौंड स्टेशन पहुंच गया। शिनाख्त न हो सके इसलिए उसने अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ दिया था।लेकिन पैसे समाप्त होने के बाद आरोपी ने दौंड में एक दुकानदार से फोन लेकर अपने पिता को कॉल किया और पैसे गूगल पे करने को कहा। इसी फोन कॉल की लोकेशन का सुराग मिलते ही पुलिस ने तत्काल वहां की रेलवे पुलिस से संपर्क कर कार्रवाई की।
आरोपी को दौंड रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया।वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पुलिस दल पीएसआई लहू सातपुते, मोहन श्रीनिवास, जावेद मुलानी, सिद्धार्थ गायकवाड़, भूषण खैरनार, अविनाश जाधव और सुशिल पाटिल – ने अथक प्रयास करते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।


