■ धनगर, ओबीसी, मराठा, आदिवासी सभी समाजों को ठगकर फडणवीस ने राज्य में जातीय संघर्ष भड़काया।
■ भिवंडी महानगरपालिका में कांग्रेस के नवनिर्वाचित नगरसेवकों का प्रदेशाध्यक्ष के हाथों सम्मान।
मुंबई वार्ता संवाददाता

प्रकाश शेंडगे के नेतृत्व वाली ओबीसी बहुजन आघाड़ी और कांग्रेस पार्टी के बीच गठबंधन हुआ है। यह एक वैचारिक गठबंधन है और आगामी जिला परिषद तथा पंचायत समिति के चुनाव संयुक्त रूप से लड़ने का निर्णय लिया गया है। इसकी घोषणा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आज आयोजित पत्रकार परिषद में की।


ओबीसी बहुजन पार्टी के नेता प्रकाश अन्ना शेंडगे ने अपने सहयोगियों चंद्रकांत बावकर, जे. टी. तांडेल और पांडुरंग मिरगल के साथ तिलक भवन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के साथ विस्तृत चर्चा की। इसके बाद आयोजित पत्रकार परिषद में प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि ओबीसी बहुजन आघाड़ी द्वारा कांग्रेस के साथ काम करने का निर्णय स्वागत योग्य है। यह गठबंधन केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक न्याय की सोच से किया गया है। राहुल गांधी द्वारा जाति-आधारित जनगणना की जोरदार मांग के बाद मोदी सरकार को इस पर निर्णय लेना पड़ा, लेकिन अब तक जाति-आधारित जनगणना हुई नहीं है।


“जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” यह कांग्रेस की स्पष्ट नीति है। राहुल गांधी की इस भूमिका को सभी समाजों का समर्थन मिल रहा है। धनगर और ओबीसी समाज का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।भाजपा की सत्ता आने पर धनगर समाज के आरक्षण पर पहली ही हस्ताक्षर करने का वादा देवेंद्र फडणवीस ने 2014 में बारामती में किया था, लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया गया। फडणवीस ने आरक्षण के नाम पर धनगर, ओबीसी, मराठा और आदिवासी समाज को ठगा है तथा जातियों के बीच संघर्ष भड़काने का काम किया है। इन समाजों का भाजपा और फडणवीस पर से विश्वास उठ चुका है, ऐसा हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।
इस अवसर पर प्रकाश शेंडगे ने कहा कि ओबीसी आरक्षण को कमजोर किया जा रहा है और 27 प्रतिशत आरक्षण पर भी हमला हो रहा है। एक के बाद एक जीआर जारी किए जा रहे हैं, लेकिन किसी भी समाज को उनका वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा। ओबीसी समाज को न्याय दिलाने के लिए स्वतंत्र पार्टी की स्थापना कर समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन करने का निर्णय लिया गया है। जाति-आधारित जनगणना की स्पष्ट भूमिका लेने के लिए हम राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में ही ओबीसी आरक्षण का मुद्दा सुलझेगा, ऐसा विश्वास प्रकाश शेंडगे ने व्यक्त किया।
● भिवंडी महानगरपालिका के नवनिर्वाचित नगरसेवकों का सम्मान
भिवंडी महानगरपालिका में कांग्रेस पार्टी के 30 नगरसेवक विजयी हुए हैं। आज तिलक भवन में प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के हाथों इन नवनिर्वाचित नगरसेवकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व विधायक वजाहत मिर्जा, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) एडवोकेट गणेश पाटिल, भिवंडी जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पूर्व विधायक रशीद ताहिर मोमिन, प्रभारी राजेश शर्मा, प्रदेश महासचिव नूर अंसारी, जावेद फारूकी, रमाकांत भोई सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भिवंडी महानगरपालिका में कांग्रेस की सफलता पर नवनिर्वाचित नगरसेवकों को बधाई देते हुए, आगामी समय में जनहित के मुद्दों पर मजबूती से काम करने का आह्वान प्रदेशाध्यक्ष ने किया।


