● आतंकवादी एवं उनको बढ़ावा देने वालों का तुरंत खात्मा करें सरकार : शंकर ठक्कर.
मुंबई वार्ता संवाददाता

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय खाद्य तेल व्यापारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर ठक्कर ने कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष नागरिको पर कल हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा इस हमले से दोनों संगठन के सदस्य बहुत दुखी और आक्रोशित हैं। इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और जिन निर्दोष नागरिकों की हत्या हुई है उनको श्रद्धांजलि के सुमन अर्पित कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि यह हिंसा एक कायर और मूर्खतापूर्ण कृत्य है, जो न केवल निर्दोष लोगों की जान लेता है,बल्कि कश्मीर की शांति और आतिथ्य की संस्कृति पर भी प्रहार करता है। इस अत्यंत कठिन समय में हमारे विचार और प्रार्थनाएँ शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हम उन सभी घायल लोगों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करते हैं।घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने और उन्हें व्यापक सहायता प्रदान करने का सरकार से आह्वान करते है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों से इस “जघन्य कृत्य” के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का भी आग्रह करते है। और आतंकवादी एवं उनको बढ़ावा देने वाले तत्वों पर तुरंत कार्रवाई कर उनका खात्मा करने तक की कार्यवाही करने की मांग करते है जिससे हत्या हुई निर्दोष नागरिकों की आत्मा को शांति मिले।
महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण जैन ने कहा ऐसे कायराना हमले से हमारी एकता और लचीलापन डगमगाएगा नहीं हम पीड़ितों एवं उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। यह आतंकवादी कृत्य हमारी हिम्मत नहीं तोड़ सकेगा। हमारी सरकार इसका मुंह तोड़ जवाब देगी ऐसी हमें पूर्ण आशा है।


