मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

कालाचौकी महागणपति मंडल के सामने शनिवार रात हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जान गंवाने वाली आठ वर्षीय रागिणी घनश्याम यादव और 33 वर्षीय सुजाता के परिजनों से सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार ने रविवार को केईएम अस्पताल में मुलाकात की। उन्होंने रागिणी के पिता और सुजाता के पति से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा इस मुश्किल घड़ी में हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।


मंत्री शेलार ने सुजाता के शव को उनके पति के साथ मूल गांव ले जाने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश मुंबई महानगरपालिका और पुलिस प्रशासन को दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक प्रशासनिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जाए।


इस दुर्घटना के संबंध में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मंत्री शेलार ने पुलिस प्रशासन को घटना से जुड़े सभी सबूत एकत्र करने और उनके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शेलार ने कहा कि गणेशोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का पर्व है, लेकिन उत्सव के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक गणेश मंडल के लिए अपने परिसर में सुरक्षा संबंधी नियमों तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना जरूरी है।


उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुंबई पुलिस और महानगरपालिका प्रशासन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। गणेशोत्सव के दौरान भीड़ का प्रबंधन, मंडप परिसर की सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था को लेकर गणेश मंडलों को अधिक सतर्क और जिम्मेदार रहना चाहिए।
मंत्री शेलार ने मुंबई के सभी गणेश मंडलों से अपील की कि उत्सव की खुशी और भक्ति की परंपरा को बनाए रखते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही श्रद्धालु भी प्रशासन और गणेश मंडलों द्वारा किए जा रहे सुरक्षा उपायों में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के दुख में वह सहभागी हैं और उनके परिजनों को आवश्यक प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।


