मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के काशीमीरा इलाके में मेट्रो लाइन-9 के निर्माण कार्य के दौरान रविवार को एक बड़ा सीमेंट का टुकड़ा नीचे गिरने से 23 वर्षीय राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान शादाब के रूप में हुई है। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और मीरा रोड के वॉकहार्ट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, यह घटना काशीमीरा इलाके में अक्षिता बार के बाहर हुई। शादाब सड़क से गुजर रहा था और फोन पर बात करने के लिए कुछ देर के लिए वहीं रुक गया। इसी दौरान मेट्रो पुल के निर्माण स्थल से सीमेंट का भारी टुकड़ा नीचे गिरा और सीधे उसके सिर पर जा लगा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।


बताया गया है कि चोट लगने के बाद शादाब करीब एक घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। सड़क किनारे खड़े बड़े वाहनों के कारण आसपास से गुजरने वाले लोगों की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में एक व्यक्ति ने उसे देखा और ऑटो रिक्शा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उसके सिर की गंभीर चोटों का उपचार किया जा रहा है और सर्जरी की जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मेट्रो निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल से पहले भी लोहे की छड़ें, निर्माण सामग्री और अन्य वस्तुएं नीचे गिर चुकी हैं। करीब एक महीने पहले भी इसी स्थल पर एक लोहे की वस्तु स्कूल वैन के पास गिरने की घटना सामने आई थी, हालांकि उस समय कोई घायल नहीं हुआ था।
यह घटना मेट्रो लाइन-9 के निर्माण से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के बीच सामने आई है। हाल ही में मेदतिया नगर स्टेशन के पास निर्माण सामग्री गिरने की घटना के बाद एमएमआरडीए ने संबंधित ठेकेदार और अन्य एजेंसियों पर कुल 12.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था।
फिलहाल ताजा हादसे को लेकर ठेकेदार या संबंधित प्राधिकरण की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।


