मुंबई वार्ता संवाददाता

आगामी गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों और गणेशभक्तों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई में मस्जिद और माटुंगा क्षेत्र के चार पैदल यात्री पुलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया गया है। संरचनात्मक जांच में इन पुलों को असुरक्षित पाए जाने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मध्य रेलवे से इन्हें बंद करने का अनुरोध किया था।


बंद किए जाने वाले पुलों में मस्जिद इलाके का भंडारी पैदल पुल, मस्जिद स्टेशन का पैदल पुल, भाऊ दाजी रोड स्थित माटुंगा रेलवे फाटक के पास का पुल और गुरु नानक हाईस्कूल के समीप माटुंगा-धारावी पैदल पुल शामिल हैं। ये पुल मध्य रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।


बीएमसी और रेलवे अधिकारियों ने 27 अगस्त 2026 को इन चारों पुलों का संयुक्त निरीक्षण किया था। इसके बाद आईआईटी मुंबई ने 31 अगस्त को प्रत्येक पुल की संरचनात्मक जांच रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट में पुलों के महत्वपूर्ण हिस्सों में जंग, टूट-फूट और संरचनात्मक क्षरण पाया गया। इसके आधार पर इन पुलों को पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए असुरक्षित बताया गया।
जांच रिपोर्ट में इन पुलों को तत्काल बंद करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार उन्हें तोड़कर नए सिरे से बनाने की सिफारिश की गई है। बीएमसी ने सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए रेलवे प्रशासन से इन पुलों पर पैदल आवाजाही तुरंत रोकने को कहा है।
गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के रेलवे स्टेशनों और आसपास के इलाकों में सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों और पैदल श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में असुरक्षित पुलों पर भीड़ बढ़ने से दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने त्योहार शुरू होने से पहले यह कदम उठाया है। मुंबई में गणेशोत्सव 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक चलेगा।
मध्य रेलवे ने यात्रियों और नागरिकों से अपील की है कि वे बंद किए गए पुलों का इस्तेमाल न करें और अपनी आवाजाही के लिए उपलब्ध वैकल्पिक सुरक्षित मार्गों का उपयोग करें। रेलवे ने गणेशोत्सव के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नागरिकों से प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।


