श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस के अवसर पर मुंबई कांग्रेस के महासचिव डॉ. त्रिलोकी मिश्रा ने पवई स्थित अपने निवास पर सपत्नीक भगवान श्रीगणेश की स्थापना कर श्रद्धापूर्वक उत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और अपनी सांस्कृतिक आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।


डॉ. त्रिलोकी मिश्रा ने गणेश स्थापना स्थल पर हिंदी वर्णमाला के प्रत्येक अक्षर से भगवान श्रीगणेश के विभिन्न नामों का उल्लेख करते हुए विशेष रूप से गणेश आराधना की। इस पहल के माध्यम से उन्होंने गणेश चतुर्थी के धार्मिक महत्व के साथ हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा की समृद्धि और व्यापकता को भी रेखांकित किया।


इस अवसर पर डॉ. मिश्रा और उनकी पत्नी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश से परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की। गणेशोत्सव के दौरान हिंदी वर्णमाला के अक्षरों के माध्यम से गणेश जी के नामों का स्मरण उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, बुद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं, जबकि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और भाषाई विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। गणेश चतुर्थी और हिंदी दिवस का एक साथ आना इस अवसर को और भी विशेष बनाता है।


