मुंबई वार्ता संवाददाता

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से गुड़ी पड़वा के अवसर पर ‘पुरणपोली महोत्सव 2026’ का आयोजन किया गया है। इस पहल के तहत मुंबईकरों को पारंपरिक स्वादिष्ट पुरणपोली घर बैठे उपलब्ध कराई जाएगी।इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य महिला बचत समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है।


महानगरपालिका द्वारा आर्थिक सहायता प्राप्त इन महिला समूहों ने विभिन्न लघु व्यवसायों के जरिए आत्मनिर्भरता हासिल की है और अब वे पारंपरिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से भी अपनी पहचान बना रही हैं।


महोत्सव के तहत तैयार की जाने वाली पुरणपोली पूरी तरह पारंपरिक पद्धति से बनाई जाएगी। ये 3 से 10 के पैक में उपलब्ध होंगी, जिनकी शुरुआती कीमत 150 रुपये रखी गई है, जिससे आम नागरिक भी किफायती दर पर घरगुती स्वाद का आनंद ले सकेंगे।खास बात यह है कि गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर 19 मार्च 2026 को इन पुरणपोली की होम डिलीवरी मुंबई के विभिन्न इलाकों में की जाएगी। नागरिक ऑनलाइन माध्यम से ऑर्डर दर्ज कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।


इस संबंध में डॉ. प्राची जांभेकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस उपक्रम से स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मुंबईकरों से इस पहल को उत्साहपूर्वक समर्थन देने की अपील की है।


