मुंबई वार्ता संवाददाता

महाराष्ट्र के प्रमुख दूध उत्पादक संघों में शामिल गोकुळ दूध संघ ने दूध की कीमतों में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की घोषणा की है। संघ ने भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर और गाय के दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। दूध की नई कीमतें शनिवार से लागू होंगी। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई, पुणे और आसपास के इलाकों में गोकुळ का भैंस का दूध अब 78 रुपये के बजाय 84 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।


दूध की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। वहीं, दूध उत्पादकों को भी इसका लाभ मिलेगा। गोकुळ संघ ने दूध उत्पादकों से दूध खरीदने की दरों में भी वृद्धि की है। भैंस के दूध की खरीद कीमत में 3 रुपये और गाय के दूध की खरीद कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। महंगाई और पशुपालन पर बढ़ते खर्च को देखते हुए दूध उत्पादकों को आर्थिक राहत देने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।


नई दरों के अनुसार मुंबई, पुणे और आसपास के क्षेत्रों में भैंस का दूध अब 84 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 78 रुपये थी। कोल्हापुर में भैंस के दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 78 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, कोंकण क्षेत्र में दूध की कीमत 76 रुपये से बढ़कर 82 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।इस फैसले के बाद शनिवार से उपभोक्ताओं को रोजाना दूध खरीदने के लिए अधिक पैसे खर्च करने होंगे। हालांकि, दूध उत्पादकों को उनकी उपज का पहले से अधिक मूल्य मिलेगा।
गौरतलब है कि गोकुळ के बाद अब वारणा दूध संघ ने भी दूध उत्पादकों को मिलने वाले खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की है। वारणा ने भैंस के दूध की खरीद दर में 3 रुपये और गाय के दूध की खरीद दर में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। इससे दूध उत्पादकों को राहत मिलने की उम्मीद है।


