■ महाराष्ट्र सरकार की प्रेस विज्ञप्ति में हुई थी गलती, दादर रेलवे स्टेशन का नाम यथावत रहेगा; मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने को सैद्धांतिक मंजूरी।
मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के दादर स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने को लेकर उठे विवाद के बीच महाराष्ट्र सरकार ने महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण दिया है। दादर का 173 साल पुराना रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन (मेट्रो लाइन-3) पर स्थित दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय (सीएमओ) ने गुरुवार, 19 नवंबर को यह स्पष्ट किया।


दरअसल, बुधवार को महाराष्ट्र सरकार के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद मुंबई में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद शुरू हो गया। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय ने अगले दिन स्पष्ट किया कि प्रेस विज्ञप्ति में रेलवे स्टेशन का उल्लेख गलती से हुआ था। सरकार का प्रस्ताव दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने का है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्य सरकार ने दादर मेट्रो स्टेशन का नाम चैत्यभूमि रखने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेजा गया था। केंद्र की ओर से इस प्रक्रिया के लिए राज्य स्तरीय समिति से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके अनुसार, आगामी विधानसभा सत्र के दौरान जरूरी विधायी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद नाम बदलने की औपचारिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
■ डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को समर्पित होगा नाम
दादर स्थित चैत्यभूमि भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का स्मारक और अंतिम संस्कार स्थल है। 6 दिसंबर 1956 को उनके महापरिनिर्वाण के बाद यहीं उनका अंतिम संस्कार किया गया था। हर साल 6 दिसंबर को महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर देशभर से लाखों अनुयायी उन्हें श्रद्धांजलि देने चैत्यभूमि पहुंचते हैं।मुख्यमंत्री फडणवीस ने बुधवार को विधान भवन में महापरिनिर्वाण दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल और परिवहन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी सरकारी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
■ दादर का नाम बदलने के प्रस्ताव पर उठा था विरोध
सरकार की पहली प्रेस विज्ञप्ति में रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नगरसेवक यशवंत किल्लेदार ने इसका विरोध किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि दादर के स्थानीय निवासियों की राय लिए बिना नाम बदलने का निर्णय लिया जा रहा है।
किल्लेदार ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि दादरवासियों की भावनाओं और राय को नजरअंदाज किया जा रहा है। बाहरी लोगों की मांग स्थानीय लोगों पर थोपकर दादर की पहचान मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले में मनमानी नहीं करने की अपील की थी।
इस बीच सरकार ने मुंबई, पुणे और नागपुर सहित महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में मेट्रो स्टेशनों के नामकरण और पुनर्नामकरण के लिए भी मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित की है। समिति ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक महत्व के साथ स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर नामों पर निर्णय लेने की प्रक्रिया देखेगी।इस तरह सरकार के स्पष्टीकरण के बाद यह साफ हो गया है कि दादर रेलवे स्टेशन का नाम नहीं बदला जाएगा। नाम परिवर्तन की प्रक्रिया केवल दादर मेट्रो स्टेशन के लिए प्रस्तावित है।


