श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

मुंबई के घाटकोपर इलाके में भाजपा विधायक पराग शाह द्वारा एक गरीब रिक्शाचालक के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर हुए विवाद के बाद यह घटना हुई, जिससे सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


इस घटना को लेकर मुंबई की सांसद एवं मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “गरीब रिक्शाचालक पर हाथ उठाना भाजपा की असली मानसिकता को उजागर करता है।”


वर्षा गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि राज्य में गृह मंत्री भाजपा के होने के कारण पार्टी के विधायक कानून को हाथ में लेने से नहीं डरते। उन्होंने कहा कि,” अब हालात ऐसे बन गए हैं कि सड़क पर खुलेआम मारपीट की जा रही है, जो निंदनीय होने के साथ-साथ एक जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।”
उन्होंने आगे कहा, “भाजपा बड़े उद्योगपतियों और ठेकेदारों के लिए रेड कार्पेट बिछाती है, लेकिन गरीब और मेहनतकश जनता के साथ मारपीट कर अपनी ताकत दिखाती है। घाटकोपर की यह घटना उसी मानसिकता का उदाहरण है।”फिलहाल इस मामले में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि या पुलिस कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्ष ने निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।


