मुंबई वार्ता/हरीश चंद्र पाठक

जयेश ट्रेनिंग क्लासेस के खिलाड़ियों ने जापान में आयोजित जापान ओपन इंटरनेशनल तायक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का तिरंगा गर्व से फहराया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 से 27 अप्रैल 2026 के दौरान जापान के ओहामा दाइशिन एरेना, साकाई (ओसाका) में आयोजित की गई।


इस प्रतियोगिता में पूमसे और क्योरुगी जैसे विभिन्न प्रकार शामिल थे। दुनिया के कई देशों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी के कारण इस प्रतियोगिता को उच्च स्तर का अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्राप्त हुआ।मास्टर जयेश वेल्हाळ के मार्गदर्शन में जयेश ट्रेनिंग क्लासेस की टीम ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। टीम ने इंडिविजुअल पूमसे और पेयर पूमसे स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मिक्स पेयर पूमसे में तनीष्का वेल्हाळ और विक्रांत देसाई ने शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया इसके अलावा, 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में तनीष्का ने व्यक्तिगत पूमसे में कांस्य पदक जीता, जबकि 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में विक्रांत देसाई ने रजत पदक हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया।इस प्रतियोगिता में 11 से 15 विभिन्न देशों के खिलाड़ियों की भागीदारी रही, जिससे यह उपलब्धि और भी खास मानी जा रही है।


खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और प्रतियोगिता से पहले की गई विशेष तैयारी ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का यह अनुभव खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ और इससे उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई। प्रतियोगिता का आयोजन भी उत्कृष्ट स्तर पर किया गया, जिससे खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
इस अवसर पर मास्टर जयेश वेल्हाळ ने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा, “तनीष्का और विक्रांत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। यह उनकी मेहनत का परिणाम है।” उन्होंने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, दहिसर यूनिवर्सल स्कूल की प्रिंसिपल हाफिजा मैडम और एडमिन हेड नलिनी मैडम ने भी तनीष्का वेल्हाळ को बधाई दी।


