मुंबई वार्ता संवाददाता

मुंबई के अंधेरी इलाके में ड्रेनेज लाइन में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना 24 अप्रैल 2026 को सामने आई, जब बृहन्मुंबई महानगरपालिका के कर्मचारियों को ड्रेनेज की सफाई के दौरान एक महिला का शव मिला।


पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और शव की पहचान करने के प्रयास किए।जांच के दौरान पता चला कि मृत महिला का नाम ब्लॉस जेम्स सिक्वेरा (उम्र 60 वर्ष) है, जो अंधेरी पूर्व क्षेत्र में रहती थीं। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि महिला का अपने परिचितों के साथ विवाद चल रहा था।पुलिस ने तकनीकी और मानव संसाधनों की मदद से मामले की गहराई से जांच की, जिसमें पता चला कि महिला की हत्या कर शव को ड्रेनेज लाइन में फेंका गया था।


इस मामले में जोसेफ जेम्स कोएल्हो (65 वर्ष) और मारिया जोसेफ कोएल्हो (63 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते महिला की हत्या की और सबूत मिटाने के इरादे से शव को छिपाने की कोशिश की।अंधेरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है।
सह पुलिस आयुक्त सत्यनारायण चौधरी (लॉ एंड ऑर्डर), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहीया, पुलिस उपायुक्त (जोन-10) दत्ता नलावडे,सहायक पुलिस आयुक्त गजानन पवार के निर्देशानुसार उक्त कार्रवाई अंधेरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक उमेश मचिंदर की टीम ने की है।


