श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार होने के बाद 4 साल जेल में रह कर बाहर निकला कुख्यात ड्रग्स डीलर आरिफ भुजवाला फिर से पूरी तरह ऐक्टिव हो गया है। जेल में रहने के दौरान भी उसका ड्रग्स का धंधा कभी बंद हुआ ही नहीं। जब आरिफ भुजवाला जेल में था तो उसका भाई खुर्शीद पूरे ड्रग्स के धंधे को आरिफ के निर्देशानुसार चला रहा था।


कुछ माह पहले आरिफ भुजवाला जेल से छूटा है। जेल से बाहर आते ही भुजवाला ने महाराष्ट्र और गोवा से ड्रग्स के व्यापार को फिर फैलाना शुरू किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार भुजवाला ने अपना ड्रग्स नेटवर्क ही नहीं अपितु पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर के पुलिस अधिकारियों को अपने पे-रोल पर रखा हुआ है।


सूत्रों के अनुसार आरिफ भुजवाला तीन-तीन ड्रग्स फैक्टरी चला रहा है लेकिन उसके इस मायाजाल को तोड़ने में नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, DRI, मुंबई एंटी नार्कोटिक्स सेल, मुंबई क्राइम ब्रांच और मुंबई पुलिस पूरी तरह असफल साबित हो रहे हैं।
सवाल यह उठता है कि इतने बड़े स्तर पर मुंबई में ड्रग्स व्यापार को अंजाम देने वाले इस आरिफ भुजवाला के सामने पूरा महकमा बौना साबित हो रहा है या बौना होने के लिए जानबूझकर घुटने मोड़ रखे हैं ?
ज्ञात हो कि जनवरी 2021 में जब नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आरिफ भुजवाला को गिरफ्तार किया था तो उसके डोंगरी वाले घर में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्टरी लगा रखी थी। जो कि 3 वर्षो से चलाई जा रही थी।
NCB को भुजवाला के पास से 5.69 किलो एमडी, 1 किलो methamphetamine, 6.12 किलो ephedrin समेत रू 2.18 करोड़ नगद मिले थे। उस समय भी मुंबई पुलिस की नाक के नीचे भुजवाला कई साल से ड्रग्स बनाने की फैक्टरी चला रहा था। इस बार भी वह 3-3 फैक्टरी चला रहा है और खुले आम मुंबई से पूरे देश में एमडी की आपूर्ति कर रहा है। मुंबई पुलिस अब भी पहले की तरह अनजान बनी हुई है।



Good