श्रीश उपाध्याय/मुंबई वार्ता

कल्याण में नाबालिग लड़की से बलात्कार और हत्या के आरोप में कैद एक कैदी ने जेल के अंदर तौलिए से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
महाराष्ट्र के कल्याण में नाबालिग लड़की को किडनैप कर बलात्कार एवं हत्या करने के आरोपी विशाल गवली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी विशाल ने तलोजा जेल में सुबह साढ़े तीन बजे फांसी लगाई है।


■ पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रविवार को सुबह साढ़े तीन बजे शौचालय जाते समय आरोपी विशाल गवली ने अपनी तौलिए से फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उसके शव को जे.जे. अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वह साढ़े तीन महीने से तलोजा जेल में कैद था।
बता दें कि आरोपी विशाल गवली साढ़े तीन महीने से तलोजा जेल में कैद था। आरोपी के जेल के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी खारघर पुलिस ने दी है।
■ पिछले साल दिसंबर में मिला था नाबालिग लड़की का शव
दिसंबर 2024 में कल्याण में एक 12 साल की लड़की लापता हो गई थी। परिवारवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज की थी। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज हुआ था। बाद में लड़की का शव बरामद हुआ था। हत्या की पुष्टि होने पर BNS की धारा 103(1) (हत्या) जोड़ी गई थी।
● जनवरी 2025 में आरोपी हुआ था गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल गवली को बुलढाणा से गिरफ्तार किया था। उसे 2 जनवरी 2025 तक पुलिस हिरासत में रखा गया। पुलिस ने 10 लोगों, जिसमें आरोपी के रिश्तेदार और दोस्त भी शामिल रहे, उनसे भी पूछताछ की गई।


