मुंबई वार्ता संवाददाता

यश भारत दक्षिण मुंबई में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रतिष्ठित ताज होटल के पीछे स्थित एक रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर फटने की घटना सामने आई। धमाके में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों की हालत फिलहाल स्पष्ट नहीं बताई गई है।


घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया और उसे आसपास की दुकानों व इमारतों तक फैलने से रोक दिया।अधिकारियों के अनुसार, सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव पश्चिम स्थित राजाराम चॉल में भी एलपीजी सिलेंडर विस्फोट की घटना हुई थी। सुबह करीब 7.40 बजे हुए उस धमाके में दो पुरुष और एक महिला, सुनील सिंह, सुब्रत बराई घायल हो गए थे। विस्फोट के कारण ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दो कमरों के बीच की एक साझा दीवार भी ढह गई थी।
गोरेगांव की घटना में स्थानीय निवासियों ने दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। वहीं, विस्फोट के बाद लगी आग को भी लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर बुझा दिया था।लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने रेस्टोरेंट और रिहायशी इलाकों में गैस सिलेंडर की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।


