मुंबई वार्ता संवाददाता

वर्ष 2025 की बॉलीवुड फिल्म ‘देवा’ में अभिनेता शाहिद कपूर के साथ काम कर चुके अभिनेता और मॉडल रोहुल्लाह मेहदी को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। काशीमीरा पुलिस की अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए मेहदी और उसके एक साथी के पास से 28 ग्राम ड्रग्स बरामद किया है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत 6.60 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जम्मू-कश्मीर के बडगाम निवासी रोहुल्लाह मेहदी ड्रग्स की तस्करी के लिए दहिसर चेकनाका इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जाल बिछाकर निगरानी शुरू की।
इसके बाद पुलिस ने रोहुल्लाह मेहदी और उसके साथी को 28 ग्राम ड्रग्स के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ ड्रग्स तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
■ पुलिस कर रही रैकेट की जांच
गिरफ्तारी के बाद रोहुल्लाह मेहदी को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ड्रग्स किसे पहुंचाया जाना था और इस कथित ड्रग्स रैकेट से कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
मीरा-भाईंदर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी को ड्रग्स की आपूर्ति कहां से हुई थी और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।


