मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई के विलेपार्ले पूर्व इलाके में एक जिम्नॅस्टिक प्रशिक्षण केंद्र से जुड़ी एक गंभीर शिकायत सामने आई है। एक छात्रा ने जिम्नॅस्टिक शिक्षक पर कथित तौर पर अनुचित व्यवहार और शारीरिक छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस में एफआईआर क्रमांक 873/26 के अंतर्गत शिकायत दर्ज कराई गई है।


विलेपार्ले पुलिस थाने की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रिया थोरात ने बताया कि उक्त मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शिकायत के अनुसार, छात्रा जिम्नॅस्टिक सीखने के लिए संबंधित शिक्षक, गणेश देवरुखकर (जिसे 2023 में राष्ट्रपति के हाथों द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था) के पास जाती थी। 21 अगस्त की सुबह करीब 10.30 बजे जब वह घर पर पढ़ाई कर रही थी, तभी उसके मोबाइल पर गणेश का व्हाट्सऐप संदेश आया। छात्रा ने शिक्षक गणेश के संदेश का जवाब दिया। इसके बाद शिक्षक गणेश कथित तौर पर उसे व्यायामशाला में मिलने के लिए बुलाया।


शिकायत में छात्रा ने बताया कि वह करीब 11 बजे जिम्नॅस्टिक केंद्र पहुंची। वहां शिक्षक से मुलाकात के बाद वह उनके साथ अंदर गयी। आरोप है कि शिक्षक गणेश ने उसे बाहर जाने से पहले अपनी चप्पल अंदर रखने के लिए कहा। इसके बाद कथित तौर पर शिक्षक गणेश ने छात्रा को पीछे से पकड़ लिया और उसके साथ अनुचित तरीके से शारीरिक संपर्क किया।
छात्रा के बयान के मुताबिक, उसने इस व्यवहार का विरोध किया और वहां से निकल गयी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद छात्रा मानसिक रूप से परेशान हो गयी और घर लौट आयी। उसकी मां ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद उसने कथित घटना की जानकारी अपनी मां को दी।बाद में छात्रा कॉलेज पहुंची और अपने मित्रों को भी घटना के बारे में बताया।
शिकायत में संबंधित शिक्षक गणेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।


