मुंबई वार्ता संवाददाता

राज्य की 288 नगरपालिका और नगरपंचायत चुनावों में अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस पार्टी ने अपनी विचारधारा की ताकत पर संघर्ष किया। किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद के बिना, केवल लोकतांत्रिक मूल्यों पर अडिग विश्वास रखते हुए सत्ताधारियों की धनशक्ति के खिलाफ कांग्रेस ने मुकाबला किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के बल पर इन चुनावों में राज्य के मतदाताओं ने कांग्रेस के 41 नगराध्यक्ष और 1006 नगरसेवक चुनकर दिए। इन नतीजों से यह एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि पैसे से बड़ा विश्वास होता है और सत्ता से अधिक विचार महत्वपूर्ण होता है, ऐसा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।


इस संदर्भ में आगे बोलते हुए प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि चुनावों में जीत–हार होती रहती है; कांग्रेस पार्टी ने कई उतार–चढ़ाव देखे हैं। हार से निराश न होकर पूरे उत्साह के साथ लड़ने की ताकत, ऊर्जा और दृढ़ संकल्प कांग्रेस कार्यकर्ताओं में है। कार्यकर्ताओं का यही विश्वास पार्टी संगठन की असली पूंजी है, जिसका अनुभव इस चुनाव में हुआ।


उन्होंने कहा कि चुनावों में कांग्रेस पार्टी के नागपुर विभाग में 14 नगराध्यक्ष और 340 नगरसेवक, अमरावती विभाग में 9 नगराध्यक्ष और 236 नगरसेवक, मराठवाड़ा में 5 नगराध्यक्ष और 156 नगरसेवक, पश्चिम महाराष्ट्र में 3 नगराध्यक्ष और 47 नगरसेवक, उत्तर महाराष्ट्र में 2 नगराध्यक्ष और 47 नगरसेवक तथा कोकण विभाग में 1 नगराध्यक्ष और 26 नगरसेवक निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस पुरस्कृत स्थानीय आघाड़ियों के 7 नगराध्यक्ष और 154 नगरसेवक भी विजयी हुए हैं। इन नतीजों ने “कांग्रेस खत्म हो गई है” कहने वालों को करारा जवाब दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही देश को बचाने वाली है। जाति और धर्म के नाम पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़कर राजनीतिक लाभ उठाने वालों तथा पैसे के दम पर हर चुनाव जीता जा सकता है, इस भ्रम को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है।भले ही भाजपा और एकनाथ शिंदे की पार्टी ने पैसे का भारी इस्तेमाल कर तथा प्रशासन और चुनाव आयोग की मदद से जीत हासिल की हो, लेकिन जनता के दिल में आज भी कांग्रेस है और आगे भी बनी रहेगी। यह विचारों की लड़ाई है और कांग्रेस अपनी विचारधारा से एक इंच भी पीछे नहीं हटी है।
इस संघर्ष में साथ देने वाले प्रत्येक उम्मीदवार, प्रत्येक कार्यकर्ता का मैं दिल से अभिनंदन करता हूं और कांग्रेस पर विश्वास जताने वाली महाराष्ट्र की जनता का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।नगरपालिका चुनावों में मिली यह जीत महानगरपालिका और जिला परिषद चुनावों के लिए नई ऊर्जा देने वाली है। महाभ्रष्ट भाजपा महायुति से महाराष्ट्र को बचाने की कांग्रेस की यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी, ऐसा भी प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा।



अच्छा प्रदर्शन