मुंबई वार्ता संवाददाता

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट (उबाठा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नाना पटोले द्वारा राहुल गांधी की भगवान राम से तुलना किए जाने पर कांग्रेस को घेरा और कहा कि कांग्रेस की पहचान ही राम विरोधी रही है। निरुपम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए और अयोध्या राम मंदिर में दर्शन नहीं किए।


उन्होंने कहा, ‘वे रावण के अनुयायी हैं। अगर नाना पटोले का कहना है कि राहुल गांधी भगवान राम के आदर्श के अनुसार दबे-कुचले लोगों के लिए काम कर रहे हैं तो वही दबे-कुचले लोगों को ढूंढने के लिए वे हर दो महीने में कोलंबिया, पेरू, इटली, लंदन और थाईलैंड क्यों जाते हैं? यह काम किस प्रकार का है?’संजय निरुपम ने ठाकरे गुट की शिवसेना पर भी निशाना साधा।


उन्होंने कहा कि जिस शिवसेना की स्थापना हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे ने की थी और जो हमेशा हिंदी, हिंदू और हिंदुस्तान के पक्ष में खड़ी रही, अब उनके बेटे उद्धव ठाकरे की पार्टी मुस्लिम वोटों के लिए इतनी छटपटा रही है कि प्रचार के लिए हिंदी और मराठी छोड़कर उर्दू का इस्तेमाल किया जा रहा है। निरुपम ने आरोप लगाया कि उबाठा जिहादियों के साथ खड़ी नजर आ रही है और अपनी पार्टी में शामिल कर रही है, जो इस गुट की असलियत है।
मनपा चुनाव को लेकर संजय निरुपम ने दावा किया कि मुंबई का अगला मेयर मराठी मानुस और छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों वाला होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई की मराठी जनता ही अंतिम निर्णय करेगी।संजय निरुपम ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पर भी टिप्पणी की और कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को देखते हुए शाहरुख खान को अपनी टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ी शामिल नहीं करना चाहिए।


