मुंबई वार्ता/श्रीश उपाध्याय

मुंबई के भांडुप (पश्चिम) स्थित मेट्रो मॉल के पास गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया। यह घटना 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:29 बजे हुई, जिसकी सूचना 24 अप्रैल को रात 12:45 बजे संबंधित एजेंसियों को दी गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनता मार्केट के नजदीक स्थित एक निर्माणाधीन SRA बिल्डिंग के गड्ढे में पास के मातोश्री मैरिज हॉल से कुछ लोग गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही BMC की फायर ब्रिगेड (MFB), पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा और वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
इस हादसे में कुल 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 7 घायलों को क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों में अनिकेत कदम (26), श्रेयस सुर्वे (25), जयदीप शाह (21), संकेत जुवाटकर (25), आदित्य आहेर (26), अनिकेत महेश पाटिल (20) और अंकित कुमार रोहित (19) शामिल हैं।
वहीं, एक अन्य घायल भालचंद्र फल्ले (25) को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है और सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


