मुंबई वार्ता संवाददाता

पत्रकार विकास संघ द्वारा रविवार 31 मई 2026 को “पीवीएस क्रिकेट कप–2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट मुंबई के गोरगांव स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होगा, जिसमें सुबह से लेकर देर रात तक रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। पत्रकार विकास संघ द्वारा आयोजित यह 18वां क्रिकेट टूर्नामेंट होगा, जिसे लेकर विभिन्न वर्गों में उत्साह का माहौल है। बोरीवली से भारतीय जनता पार्टी विधायक संजय उपाध्याय का इस आयोजन के लिए भरपूर योगदान मिला है।


इस विशेष क्रिकेट प्रतियोगिता में पत्रकार, टीवी मीडिया, पुलिस विभाग, नगरसेवक, वकील, व्यापारी एवं कवि वर्ग की प्रतिष्ठित टीमें मैदान में उतरेंगी। खेल के माध्यम से सामाजिक समन्वय और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी विशेष आकर्षण रहेगा।


संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने बताया कि “पीवीएस क्रिकेट कप” केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी संवाद को मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन में अनेक प्रतिष्ठित समाजसेवी, राजनेता, वरिष्ठ पत्रकार, पुलिस अधिकारी एवं अन्य गणमान्य हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी। उनकी उपस्थिति खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेगी और आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी।
उल्लेखनीय है कि पत्रकार विकास संघ द्वारा आयोजित यह क्रिकेट महोत्सव मुंबई के सामाजिक और मीडिया जगत में विशेष पहचान बना चुका है तथा हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इसका हिस्सा बनते हैं।


